मुफस्सिल थाना पुलिस ने चलाया वाहन जांच अभियान, नियम तोड़ने वालों पर हुई कार्रवाई


चाईबासा: सड़क सुरक्षा को लेकर मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में सरायकेला मोड़ के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वाहन चालकों के हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, ड्रिंक एंड ड्राइव, वाहन के कागजात तथा ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की गई।जांच के दौरान जिन वाहनों में अनियमितताएं पाई गईं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया। 

थाना प्रभारी विनोद कुमार ने स्वयं ड्रिंक एंड ड्राइव की जांच की और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।उन्होंने कहा कि सभी वाहन चालक अपने वाहनों के आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। साथ ही तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने से बचें, क्योंकि थोड़ी सी असावधानी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।अभियान के दौरान ड्रिंक एंड ड्राइव के एक मामले में वाहन चालक पर जुर्माना लगाया गया और वाहन को जब्त कर लिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत नशे की हालत में वाहन चलाने पर ₹10 हजार तक के जुर्माने का प्रावधान है। इसके अलावा चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित या रद्द भी किया जा सकता है।वाहन जांच के क्रम में एक बस का परमिट त्रुटिपूर्ण पाए जाने पर उसे भी सीजर किया गया। अभियान में जिला परिवहन कार्यालय के मोटरयान निरीक्षक सहित परिवहन विभाग के अन्य कर्मी भी मौजूद रहे।थाना प्रभारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस तरह का जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Comments

और नया पुराने