जमशेदपुर/चाकुलिया: जमशेदपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत चाकुलिया थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गांजा की खरीद-बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से 336 ग्राम गांजा, 810 रुपये नगद एवं गांजा पैकिंग में इस्तेमाल होने वाला प्लास्टिक डब्बा बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक पूर्वी सिंहभूम को गुप्त सूचना मिली थी कि चाकुलिया थाना क्षेत्र के बाजपयी कॉलोनी, नया बाजार निवासी महेश गागराई अपने घर से गांजा की अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने महेश गागराई को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश गागराई (45 वर्ष), पिता स्वर्गीय बैरांगी गागराई, निवासी बाजपयी कॉलोनी, नया बाजार, चाकुलिया के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी बाहर से गांजा खरीदकर अपने घर से आसपास के लोगों को बेचने का काम करता था। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है तथा इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी राजेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक कविन्द्र कुमार पोद्दार, सहायक अवर निरीक्षक पिताम्बर मंडल एवं उमाराम खलको शामिल थे।
Comments