धालभूमगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : जालसाजी और ठगी मामले के दो आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ थाना पुलिस को जालसाजी और पैसों की ठगी के मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। धालभूमगढ़ थाना कांड संख्या 15/2026 दिनांक 22.06.2026 में दर्ज मामले के दो नामजद अभियुक्तों को पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपियों में निकेत मंगलम, उम्र 34 वर्ष, पिता धर्मेंद्र कुमार तथा रोहित झा उर्फ अमन झा, उम्र 21 वर्ष, पिता धर्मेंद्र कुमार झा शामिल हैं। दोनों अभियुक्तों को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिला अंतर्गत परनाशीरी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

धालभूमगढ़ थाना में दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 319(2), 316(2), 318(4), 336(3), 340(2) एवं 338 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी सुनियोजित तरीके से लोगों को झांसे में लेकर जालसाजी करते थे और पैसों की ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस को लगातार इनकी तलाश थी।

तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है तथा ठगी से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। धालभूमगढ़ पुलिस ने कहा है कि आम लोगों के साथ धोखाधड़ी और साइबर ठगी जैसी घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

Comments

और नया पुराने