जमशेदपुर में यात्री ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी को लेकर आंदोलन कर रही रेल यात्री संघर्ष समिति की मांगों पर दक्षिण पूर्व रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। बुधवार को टाटानगर में हुई बैठक में दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अब यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा।
यह बैठक विधायक सरयू राय और रेल यात्री संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों के साथ हुई। इससे पहले समिति ने चेतावनी दी थी कि यदि ट्रेनों की लेटलतीफी बंद नहीं हुई तो रेल जीएम का विरोध किया जाएगा। इसके बाद चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम ने सरयू राय से संपर्क कर वार्ता की पहल की।
बैठक में सरयू राय ने कहा कि टाटानगर और आसपास के क्षेत्रों में स्थानीय मेमू और पैसेंजर ट्रेनों की देरी से व्यवसायियों, कर्मचारियों, छात्रों, दैनिक मजदूरों और आम यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि कई ट्रेनें चांडिल, कांड्रा, गम्हरिया और राखा माइंस जैसे स्टेशनों तक समय पर पहुंच जाती हैं, लेकिन वहां से टाटानगर पहुंचने में 4 से 5 घंटे तक लग जाते हैं।
इस पर रेल जीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में यात्री ट्रेनों को खड़ा कर मालगाड़ियों को प्राथमिकता न दी जाए। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था की नियमित निगरानी भी की जाएगी।
संघर्ष समिति के संयोजक शिव शंकर सिंह ने पूछा कि इस फैसले के पालन की निगरानी कैसे होगी। इसके जवाब में रेल जीएम ने चक्रधरपुर डीआरएम को निर्देश दिया कि जमशेदपुर में एक पूर्णकालिक पब्लिक रिलेशंस इंस्पेक्टर की नियुक्ति की जाए। यह अधिकारी ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था पर नजर रखेगा और प्रतिदिन ट्रेन संचालन की जानकारी प्रेस और संघर्ष समिति को उपलब्ध कराएगा।
रेल जीएम ने यह भी कहा कि टाटानगर पहुंचने वाली यात्री ट्रेनों की रोजाना समीक्षा की जाएगी ताकि लेटलतीफी को कम किया जा सके।
बैठक के बाद सरयू राय ने रेल जीएम और डीआरएम का धन्यवाद देते हुए कहा कि संघर्ष समिति की प्रमुख मांगों को स्वीकार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि समिति कुछ दिनों तक रेलवे के आश्वासन के क्रियान्वयन पर नजर रखेगी, उसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।
बैठक में रेलवे की ओर से एजीएम, चक्रधरपुर डीआरएम, सीनियर डीसीएम समेत कई अधिकारी मौजूद थे। वहीं संघर्ष समिति की ओर से शिव शंकर सिंह, कन्हैया सिंह, सुबोध श्रीवास्तव, अजय कुमार, नीरज सिंह, अमित शर्मा और राजीव सहित अन्य सदस्य शामिल हुए।
Comments