जमशेदपुर के पोटका अंचल स्थित रोहिणीबेड़ा मौजा में बाहरी लोगों पर गांव का माहौल खराब करने और जातीय विवाद उत्पन्न करने का आरोप लगा है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने पूर्वी सिंहभूम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि कुछ लोग अवैध रूप से वन एवं रैयती भूमि पर कब्जा कर गांव में तनाव फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार रोहिणीबेड़ा मौजा प्राचीन काल से सोहदा गाड़ी क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जिसे कपाड़ा गाड़ी घाट के नाम से भी जाना जाता है। यहां स्थित मां रंकिनी धाम गांव की आस्था और संस्कृति का प्रमुख केंद्र माना जाता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ बाहरी लोग जातिवाद का सहारा लेकर गांव में विवाद और अशांति का माहौल बना रहे हैं। आवेदन में कई लोगों पर रैयती और वन भूमि पर अवैध कब्जा करने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ लोग मूल निवासी नहीं होने के बावजूद गलत तरीके से वन पट्टा लेकर यहां निवास कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि गांव में शांति व्यवस्था बनी रहे। वहीं इस ज्ञापन की प्रतिलिपि पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक को भी सौंप दी गई है।
Comments