12 घंटे तक चला कराटे का महाकुंभ, 120 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम


चाईबासा: जापान कराटे एसोसिएशन ऑफ झारखंड (जेकेएआई) की ओर से संत जेवियर स्कूल के ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित एक दिवसीय 12 घंटे का कराटे समर कैंप सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक चले इस विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन जेकेएआई झारखंड की चाईबासा शाखा द्वारा किया गया, जिसमें तीन जिलों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।समर कैंप में पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले के पंजीकृत नए और पुराने कराटे खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। व्हाइट बेल्ट से लेकर ब्लैक बेल्ट तक के करीब 120 छात्र-छात्राएं इस शिविर में शामिल हुए और कराटे की बारीकियों को सीखा।प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को किहोन, काता, कुमीते, सेल्फ डिफेंस, बॉडी फिटनेस, नानचाकू प्रशिक्षण और कंसंट्रेशन गेम जैसी विभिन्न विधाओं का अभ्यास कराया गया। इसके अलावा कई रोचक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।कैंप के सफल संचालन में सेंसाई पंकज कुमार सिंह, सेंसाई निरंजन कुमार दास, सेंसाई मानसिंह बांनरा, सेंसाई देवाशीष प्रसाद खनंडाईत, सेंपाई सरस्वती तीयू, सेंपाई अंशु विश्वकर्मा, सेंपाई आयुष सरदार और सेंपाई अथर्व भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण देने के साथ अनुशासन और आत्मविश्वास का भी पाठ पढ़ाया।आयोजकों ने बताया कि ऐसे प्रशिक्षण शिविरों का मुख्य उद्देश्य युवाओं में आत्मरक्षा की भावना, अनुशासन, शारीरिक फिटनेस और आत्मविश्वास का विकास करना है। 12 घंटे तक चले इस समर कैंप के सफल आयोजन से प्रतिभागियों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला। यह शिविर खिलाड़ियों के लिए न केवल प्रशिक्षण का अवसर बना, बल्कि उनके व्यक्तित्व विकास की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Comments

और नया पुराने