चाईबासा: चाईबासा की बेटी श्रेयशी केशरी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जिले और पूरे कोल्हान क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दिल्ली में एक्सचेंज फॉर मीडिया द्वारा आयोजित इम्पैक्ट सीएमओ 40 अंडर 40 के चौथे संस्करण में उद्योग जगत में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 40 वर्ष से कम आयु के युवा ब्रांड विपणन विशेषज्ञों को 5 जून को सम्मानित किया गया। इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चाईबासा की श्रेयशी केशरी का चयन किया गया।श्रेयशी केशरी वरिष्ठ भाजपा नेता हेमन्त कुमार केशरी की पुत्री हैं और वर्तमान में मकेन इंडिया फूड्स में भारत प्रमुख विपणन अधिकारी (हेड ऑफ मार्केटिंग) के पद पर कार्यरत हैं। उनकी इस उपलब्धि से चाईबासा सहित पूरे कोल्हान क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।श्रेयशी की प्रारंभिक शिक्षा चाईबासा स्थित डीएवी विद्यालय से हुई, जहां उन्होंने दसवीं तक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने डीएवी रांची से बारहवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान, मेसरा से अभियांत्रिकी में स्नातक की डिग्री हासिल की। इसके पश्चात उन्होंने भारतीय प्रबंधन संस्थान, लखनऊ से प्रबंधन में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की।शिक्षा पूरी करने के बाद श्रेयशी ने देश की कई प्रतिष्ठित कंपनियों में अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने कैडबरी और नेस्ले इंडिया जैसी अग्रणी कंपनियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने विपणन और ब्रांड प्रबंधन के क्षेत्र में कई सफल अभियानों का नेतृत्व किया तथा अपनी कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया।वर्तमान में मकेन इंडिया फूड्स में भारत प्रमुख विपणन अधिकारी के रूप में कार्यरत श्रेयशी केशरी को ब्रांड प्रबंधन और विपणन क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए इम्पैक्ट सीएमओ 40 अंडर 40 सम्मान से नवाजा गया।श्रेयशी केशरी की यह उपलब्धि चाईबासा के लिए गर्व का विषय बन गई है। स्थानीय लोगों ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जिले के युवाओं, विशेषकर युवतियों के लिए प्रेरणादायक बताया है। उनका मानना है कि लगन, मेहनत और प्रतिभा के बल पर छोटे शहरों से निकलकर भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।
चाईबासा की बेटी श्रेयशी केशरी को राष्ट्रीय सम्मान, इम्पैक्ट सीएमओ 40 अंडर 40 में मिली जगह
byAvinash Sharma
-
0
Comments