जमशेदपुर में ट्रैफिक पुलिस को मुंह चिढ़ाती तस्वीर, डिमना से मानगो तक शराब के नशे में युवकों की खुलेआम दबंगई

जमशेदपुर: शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती एक तस्वीर रविवार शाम सामने आई। डिमना चौक से मानगो रोड तक कुछ युवक कथित तौर पर शराब के नशे में चलती कार से खतरनाक स्टंट करते हुए नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आज शाम करीब 6 बजे कार सवार युवक एक पैर गाड़ी से बाहर निकालकर और हाथ हिलाते हुए राहगीरों को चिढ़ा रहे थे तथा सड़क पर खुलेआम दबंगई का प्रदर्शन कर रहे थे।स्थानीय लोगों का कहना है कि कार डिमना चौक ट्रैफिक चेकिंग और मानगो ट्रैफिक चेकिंग दोनों स्थानों से होकर गुजरी, लेकिन किसी भी स्तर पर उन्हें रोका नहीं गया। सबसे चिंताजनक बात यह रही कि युवकों की यह हरकत न केवल उनकी जान के लिए खतरा थी, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा कर रही थी।घटना को देखने वाले लोगों ने सवाल उठाया कि जब शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक जांच अभियान चलाया जा रहा था, तब इतनी खतरनाक तरीके से वाहन चला रहे युवकों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई। लोगों का कहना है कि यह तस्वीर कहीं न कहीं ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता और चेकिंग व्यवस्था को आईना दिखाती है।हालांकि, इस मामले में ट्रैफिक पुलिस की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। यदि घटना का वीडियो या वाहन का नंबर पुलिस के संज्ञान में आता है, तो संबंधित युवकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा सकती है।(नोट: शराब के नशे में होने की बात स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के दावे पर आधारित है। इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।)

Comments

और नया पुराने