जमशेदपुर। पूर्वी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बिरसानगर प्रधानमंत्री आवास योजना के हजारों लाभुकों के लिए बड़ी राहत और खुशखबरी सामने आई है। जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू के लगातार प्रयासों का सकारात्मक परिणाम अब धरातल पर दिखाई देने जा रहा है। आगामी 19 जून को आयोजित होने वाले विशेष समारोह में लाभुकों को उनके आवास की चाबी सौंपते हुए विधिवत गृह प्रवेश कराया जाएगा।इस बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम को लेकर विधायक पूर्णिमा साहू पिछले कई वर्षों से नगर विकास विभाग के अधिकारियों, विभागीय सचिव तथा नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के साथ लगातार संपर्क में थीं। उन्होंने आवास आवंटन में हो रही देरी का मुद्दा विधानसभा में भी प्रमुखता से उठाया था। इसके अलावा विभागीय मंत्री से कई बार मुलाकात कर प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने की मांग की थी। हाल ही में आयोजित 'दिशा' की बैठक में भी उन्होंने लाभुकों को जल्द आवास उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाते हुए प्रक्रिया में तेजी लाने की अपील की थी।रविवार, 14 जून को नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू एवं विभागीय सचिव से हुई बातचीत के दौरान विधायक पूर्णिमा साहू को जानकारी दी गई कि 19 जून को गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित कर लाभुकों को आवास सौंप दिया जाएगा। इस अवसर पर नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत तत्कालीन डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में बिरसानगर आवासीय परियोजना के अंतर्गत 9,592 फ्लैटों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई थी। वर्षों से गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवार अपने पक्के घर का सपना संजोए हुए थे, जो अब साकार होने जा रहा है।उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप अब लाभुक अपने नए घर में प्रवेश कर सकेंगे। विधायक ने भरोसा जताया कि जनता से जुड़े हर मुद्दे के समाधान के लिए उनका संघर्ष और प्रयास आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।विधायक पूर्णिमा साहू ने इस पहल को सफल बनाने में सहयोग के लिए नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के प्रति धन्यवाद एवं आभार भी व्यक्त किया।
Tags
जमशेदपुर
Comments