जमशेदपुर: शहर के मानगो बस स्टैंड से रविवार शाम एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। मानगो बस स्टैंड के गेट नंबर-5 के अंदर एक व्यक्ति की बस की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक व्यक्ति "शंकर पार्वती" नामक बस के नीचे सो रहा था। बताया जा रहा है कि बस चालक को इस बात की कोई जानकारी नहीं थी। जैसे ही चालक ने बस को आगे बढ़ाया, बस का टायर सीधे उस व्यक्ति के सिर पर चढ़ गया। हादसा इतना भयावह था कि व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।मृतक की पहचान को लेकर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों के बीच अलग-अलग तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग मृतक को मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति बता रहे हैं,
जबकि कुछ का कहना है कि वह संबंधित बस का खलासी था। हालांकि, इस संबंध में कोई भी व्यक्ति आधिकारिक तौर पर कुछ कहने को तैयार नहीं है और न ही मीडिया के समक्ष कोई स्पष्ट बयान सामने आया है।घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हादसे में शामिल बस को भी पुलिस ने जब्त कर थाना ले गई है।पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मृतक की शिनाख्त करने के साथ-साथ यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर वह बस के नीचे कैसे पहुंचा और दुर्घटना के पीछे किन परिस्थितियों की भूमिका रही।यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था तथा वाहनों के परिचालन से पहले सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी निगरानी और सुरक्षा मानकों के पालन की मांग भी तेज हो गई है
Tags
जमशेदपुर
Comments