जमशेदपुर: अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के निर्देशानुसार रविवार को डिमना लेक परिसर में सिविल डिफेंस की टीम द्वारा आपदा प्रबंधन एवं बचाव कार्यों का विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण का नेतृत्व सिविल डिफेंस के प्रशिक्षक मज़हरुल बारी ने किया।प्रशिक्षण के दौरान टीम के सदस्यों को सीमित संसाधनों के बीच किसी भी आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के व्यावहारिक तरीके बताए गए।
विशेष रूप से जल दुर्घटनाओं, डूबने की घटनाओं और अन्य आपदाओं के समय तत्काल राहत एवं बचाव कार्य कैसे किया जाए, इसकी विस्तृत जानकारी दी गई।मज़हरुल बारी ने बताया कि कई बार आपदा के समय अत्याधुनिक संसाधन उपलब्ध नहीं होते हैं। ऐसी परिस्थितियों में उपलब्ध साधनों का सही उपयोग करते हुए लोगों की जान बचाना और स्थिति को नियंत्रित करना सबसे बड़ी चुनौती होती है। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को रस्सी, लाइफ जैकेट सहित सामान्य उपकरणों के माध्यम से रेस्क्यू तकनीकों का अभ्यास भी कराया गया।इस अवसर पर सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों ने आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने,
टीम समन्वय स्थापित करने तथा आम लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के तरीकों का प्रदर्शन किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य आपदा के समय स्थानीय स्तर पर त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना तथा स्वयंसेवकों को हर परिस्थिति के लिए तैयार करना था।सिविल डिफेंस की टीम ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे जलाशयों के आसपास सतर्कता बरतें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन एवं संबंधित बचाव दल को दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
Comments