नई दिल्ली। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। इसके तहत दुकानदारों और खाद्य विक्रेताओं को सलाह दी गई है कि वे समोसा, पकौड़ा, जलेबी, कचौड़ी समेत किसी भी गर्म या तैलीय खाद्य पदार्थ को अखबार में लपेटकर या परोसकर न बेचें।एफएसएसएआई का कहना है कि अखबार की छपाई में इस्तेमाल होने वाली स्याही में हानिकारक रसायन मौजूद होते हैं। गर्म और तैलीय खाद्य पदार्थों के संपर्क में आने पर ये रसायन भोजन में मिल सकते हैं, जिससे स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है। लंबे समय तक ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन करने से कैंसर, पाचन संबंधी समस्याएं और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।प्राधिकरण ने खाद्य कारोबारियों से खाद्य-ग्रेड पेपर, बटर पेपर या स्वच्छ एवं सुरक्षित पैकेजिंग सामग्री का उपयोग करने की अपील की है। साथ ही आम लोगों से भी जागरूक रहने और अखबार में परोसे जाने वाले खाद्य पदार्थों से बचने का आग्रह किया गया है।एफएसएसएआई ने स्पष्ट किया है कि यह पहल उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा और सुरक्षित भोजन सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है।
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) की नई पहल अखबार में समोसा-पकौड़ा बेचने पर रोक की सलाह
byAvinash Sharma
-
0
Comments