चक्रधरपुर: भाजपा जिला मंत्री रानी बंदिया ने प्रेस के माध्यम से श्रम कार्ड से जुड़ी योजनाओं में अनियमितता का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिन श्रमिकों का श्रम कार्ड बना हुआ है, वे चाहे मजदूर हों या छात्र-छात्राएं, उन्हें सरकार की ओर से कई योजनाओं का लाभ दिया जाता है।रानी बंदिया ने बताया कि श्रम विभाग के माध्यम से श्रमिक परिवारों के बच्चों को प्राथमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है।
इसके अलावा उच्च शिक्षा के लिए प्रत्येक वर्ष 50 हजार रुपये, दुर्घटना में मृत्यु होने पर 3 लाख रुपये और सामान्य मृत्यु पर 2 लाख रुपये की सहायता राशि का प्रावधान है।उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे कोल्हान क्षेत्र में श्रम विभाग की योजनाओं के लाभ को लेकर विभागीय कर्मचारियों और बिचौलियों की मिलीभगत से लाभुकों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में लाभुकों के खाते में राशि आने की जानकारी पहले ही बिचौलियों तक पहुंच जाती है और इसके बाद वे गांव-गांव जाकर लाभुकों से राशि वसूलने का काम करते हैं।भाजपा जिला मंत्री ने आरोप लगाया कि इस तरह की स्थिति पंचायत और प्रखंड स्तर तक ही सीमित नहीं है, बल्कि पूरे सिंहभूम क्षेत्र में शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ सीधे लाभुकों तक पहुंचना चाहिए और इसमें किसी भी तरह की कटौती या वसूली गलत है।रानी बंदिया ने श्रम विभाग और बिचौलियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जिन लाभुकों के श्रम कार्ड एजेंटों के पास हैं, उन्हें जल्द से जल्द वापस किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो आगे वह संबंधित कर्मचारियों और बिचौलियों के नाम सार्वजनिक करने का काम करेंगी।उन्होंने प्रशासन से भी मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और श्रमिकों को योजनाओं का सही लाभ दिलाने की मांग की।
Comments