चाईबासा, 6 जून: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महिला कॉलेज चाईबासा एवं जायंट्स ग्रुप ऑफ चाईबासा की सहेली विंग के संयुक्त तत्वावधान में कॉलेज परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, हरित परिसर का निर्माण करना तथा विद्यार्थियों एवं समाज को प्रकृति के संरक्षण के लिए प्रेरित करना था।इस अवसर पर कॉलेज परिसर में आम, अमरूद, अनार, पपीता सहित विभिन्न प्रकार के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। प्राचार्य कार्यालय के बाहर परिसर की सुंदरता बढ़ाने के लिए क्रोटन के पौधे लगाए गए।
वहीं, विभिन्न विभागों की ओर से भी पौधारोपण में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई गई। हो विभाग द्वारा कटहल, आम और काजू के पौधों का रोपण किया गया।कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। बी.एड. विभाग के प्राध्यापक डॉ. अर्पित सुमन के मार्गदर्शन में एनएसएस टीम ने पूरे आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।महिला कॉलेज की प्राचार्या डॉ. अंजना खलखो ने कार्यक्रम में उपस्थित जायंट्स ग्रुप ऑफ चाईबासा सहेली विंग की सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल परिसर को हरित बनाते हैं, बल्कि युवाओं में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता भी विकसित करते हैं।कार्यक्रम को सफल बनाने में कॉलेज के प्राध्यापकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों तथा जायंट्स ग्रुप ऑफ चाईबासा की अध्यक्ष मंजरी पसारी, कोषाध्यक्ष रश्मि अग्रवाल, सचिव रश्मिता राउत एवं सदस्य छवि और प्रियंका महाजन का सराहनीय योगदान रहा।कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया। उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। इस पहल ने विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय को प्रकृति संरक्षण की दिशा में सकारात्मक कदम उठाने के लिए प्रेरित किया।
Comments