गुरु अर्जुन देव जी की शहादत को नमन: जेमको सिख संगत ने आयोजित की छबील, सैकड़ों लोगों के बीच बांटा शर्बत और चना-गुड़


जमशेदपुर: सिखों के पांचवें गुरु, श्री गुरु अर्जुन देव जी की पावन स्मृति एवं शहादत दिवस के अवसर पर जेमको सिख संगत की ओर से जेमको गुरुद्वारा के मुख्य द्वार के समीप श्रद्धा और सेवा भाव के साथ छबील का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में राहगीरों और श्रद्धालुओं को चना-गुड़ एवं शर्बत वितरित कर मानव सेवा का संदेश दिया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन जिले के पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार ने किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में टेल्को थाना प्रभारी एवं वरीय पुलिस निरीक्षक सुरेश प्रसाद, समाजसेवी एवं केंद्रीय शांति समिति के सदस्य नंदलाल सिंह, ओमप्रकाश उपाध्याय तथा सवर्ण महासंघ फाउंडेशन भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष डी.डी. त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान ग्रंथि सरदार योगिंदर सिंह ने गुरुवाणी का पाठ कर संगत को गुरु अर्जुन देव जी के आदर्शों, त्याग और बलिदान से अवगत कराया। इसके बाद सैकड़ों लोगों के बीच चना-गुड़ और शीतल शर्बत का वितरण किया गया।मुख्य अतिथि पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार ने गुरु अर्जुन देव जी की शहादत को नमन करते हुए कहा कि गुरु साहिब का जीवन धर्म, संस्कृति और मानवता की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सत्य, साहस और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी की शिक्षाएं सेवा भावना को मानवीय मूल्यों से जोड़ती हैं और समाज में भाईचारे तथा सद्भाव को मजबूत करती हैं।कार्यक्रम को सफल बनाने में सरदार सुरजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह लाडे, चरणजीत सिंह चुन्नू, परमजीत सिंह, पलविंदर सिंह बिट्टू, दर्शन सिंह और राममूर्ति सहित जेमको सिख संगत के अनेक सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया।श्रद्धा, सेवा और समर्पण से ओत-प्रोत इस आयोजन ने गुरु अर्जुन देव जी के संदेश "सरबत दा भला" को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।

Comments

और नया पुराने