जमशेदपुर, 6 जून। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में कल्याण विभाग एवं समेकित जनजातीय विकास अभिकरण (आईटीडीए) द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनजातीय समुदायों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से संचालित योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में विशेष रूप से पीएम जनमन योजना एवं धरती आबा जनजातीय ग्रामीण उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण, बहुद्देशीय भवन, सड़क संपर्क पथ, छात्रावास निर्माण, ग्रामीण आवास, नल-जल आपूर्ति, विद्युतीकरण, मत्स्य विभाग की लाभुक आधारित योजनाएं तथा पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों की अद्यतन स्थिति पर चर्चा की गई।उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जनजातीय बहुल क्षेत्रों एवं विशेष रूप से संवेदनशील जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) को लक्षित कर संचालित योजनाओं का प्रभावी और निर्धारित समयसीमा के भीतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जनजातीय समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को समय पर पूर्ण करें, ताकि पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ शीघ्र पहुंच सके।बैठक में कल्याण विभाग एवं आईटीडीए के माध्यम से संचालित छात्र कल्याण योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इस दौरान प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, चिकित्सीय सहायता, बिरसा आवास योजना, कब्रिस्तान घेराबंदी, सामुदायिक सरना-मसना स्थलों के संरक्षण एवं विकास तथा वनाधिकार पट्टा वितरण की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य तभी सार्थक होगा जब उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। इसके लिए सभी विभागीय पदाधिकारी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करें।बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य सामद, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, विभिन्न तकनीकी विभागों के अभियंता तथा अन्य संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त की अध्यक्षता में कल्याण विभाग एवं आईटीडीए की समीक्षा बैठक, जनजातीय विकास योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर
byAvinash Sharma
-
0
Comments