चाईबासा, 6 जून। पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मनीष कुमार ने शनिवार को सोनुवा प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, सेवा वितरण व्यवस्था और आम जनता से जुड़े कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रखंड और अंचल कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किया।
उन्होंने अभिलेखों के संधारण, लंबित मामलों की स्थिति तथा नागरिक सेवाओं की उपलब्धता की जांच करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने कार्यालय परिसर को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिक से अधिक पौधारोपण कराने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित और स्वच्छ कार्यालय वातावरण न केवल कार्यकुशलता बढ़ाता है, बल्कि आम लोगों को भी सकारात्मक अनुभव प्रदान करता है।निरीक्षण के उपरांत प्रखंड सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, निर्वाचन कार्य, जनगणना तथा अन्य विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं में पात्र लाभुकों को जोड़ने और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने पर बल दिया।सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा करते हुए उन्होंने राशन वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निर्वाचन एवं जनगणना से संबंधित कार्यों को गंभीरता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।अंचल कार्यालय की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र निर्गमन, राजस्व संग्रहण तथा भूमि संबंधी मामलों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी प्रमाण पत्रों और सेवाओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय अवधि के दौरान शत-प्रतिशत उपस्थिति बनाए रखने और सभी टेबलों पर नेम प्लेट लगाने को कहा, ताकि आम लोगों को संबंधित कर्मियों की पहचान करने में सुविधा हो।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालय पहुंचे लोगों की समस्याएं एवं शिकायतें भी सुनीं तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से वृक्षारोपण के साथ-साथ उसके संरक्षण के प्रति भी जागरूक रहने की अपील की।बाद में उपायुक्त ने सोनुवा प्रखंड कार्यालय परिसर के समीप बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत स्थापित आम बिक्री केंद्र का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीणों की आय बढ़ाने, फलोत्पादन को प्रोत्साहित करने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।इसके पश्चात उन्होंने जेएसएलपीएस द्वारा संचालित पलाश दीदी कैफे का भ्रमण किया और वहां भोजन भी किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पहलें महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
Comments