जमशेदपुर, 6 जून। लक्ष्मी नगर में विश्व जन सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में माहवारी स्वच्छता एवं महिला स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व समाजसेवी एवं चिकित्सक डॉ. मनीष झा ने किया। इस अवसर पर महिलाओं एवं किशोरियों को माहवारी के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य सुरक्षा, पोषण तथा व्यक्तिगत स्वच्छता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं एवं किशोरियों के बीच निःशुल्क सेनेटरी पैड का वितरण किया गया। साथ ही माहवारी से जुड़े विभिन्न मिथकों एवं भ्रांतियों को दूर करने तथा स्वच्छता संबंधी अच्छी आदतों को अपनाने के लिए जागरूक किया गया। उपस्थित महिलाओं को बताया गया कि माहवारी एक प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया है और इसके प्रति सही जानकारी एवं उचित देखभाल महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रीति कुमारी का विशेष योगदान रहा। वहीं सरोज कुमारी एवं प्रीति सिंह (अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, महिला आयाम प्रमुख) ने भी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए महिलाओं को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्था की टीम ने भी महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। संस्था के प्रतिनिधियों ने महिलाओं को सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, मानसिक स्वास्थ्य और जीवन मूल्यों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।इस जागरूकता कार्यक्रम में क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं एवं किशोरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपस्थित महिलाओं ने ऐसे कार्यक्रमों को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए विश्व जन सेवा ट्रस्ट के इस प्रयास की सराहना की और भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।अपने संबोधन में डॉ. मनीष झा ने कहा कि "महिलाओं का स्वास्थ्य परिवार और समाज की समृद्धि का आधार है। माहवारी से जुड़े विषयों पर खुलकर चर्चा करने और वैज्ञानिक जानकारी को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की आवश्यकता है, ताकि महिलाओं और किशोरियों को किसी प्रकार की झिझक, भेदभाव या गलत जानकारी का सामना न करना पड़े।"कार्यक्रम के अंत में सभी सहयोगियों, स्वयंसेवकों एवं उपस्थित महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही भविष्य में भी महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जनजागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया गया।स्थान : लक्ष्मी नगरआयोजक : विश्व जन सेवा ट्रस्टनेतृत्व : डॉ. मनीष झा
Comments