चाईबासा: रोटरी क्लब चाईबासा के तत्वावधान में मारवाड़ी मध्य विद्यालय (छोटा रूंगटा स्कूल) परिसर में बच्चों के लिए आयोजित निशुल्क हस्तलेखन सुधार, अबेकस और वैदिक गणित प्रशिक्षण कार्यक्रम में बच्चों और अभिभावकों की बढ़ती रुचि देखने को मिल रही है। शिक्षा और व्यक्तित्व विकास को समर्पित इस पहल को समाज के विभिन्न वर्गों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।कार्यक्रम संयोजक रितेश मुंदड़ा ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पिछले दो वर्षों से लगातार संचालित किया जा रहा है।
अभिभावक अपने बच्चों के हस्तलेखन में सुधार, गणितीय दक्षता में वृद्धि और मानसिक विकास को देखते हुए उत्साहपूर्वक उनका नामांकन करा रहे हैं।उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बच्चों की लेखन शैली को आकर्षक एवं प्रभावी बनाना, उनकी गणनात्मक क्षमता को मजबूत करना तथा उनमें तार्किक और रचनात्मक सोच का विकास करना है। अबेकस और वैदिक गणित के माध्यम से बच्चों को कम समय में सरल तरीके से गणना करने की तकनीक सिखाई जा रही है, जिससे उनमें आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है।समाजसेवी रोटरीयन निरंजन साव ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण कर इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण मंच बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें नई दिशा देने का कार्य करते हैं। वर्तमान समय में ऐसे रचनात्मक और शैक्षणिक कार्यक्रमों की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है।कार्यक्रम की सहसंयोजिका रोटरीयन शीतल मुंदड़ा ने भी प्रशिक्षण को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, सेवानिवृत्त शिक्षक अरुण प्रसाद बच्चों के हस्तलेखन को कला के रूप में विकसित करने के लिए विशेष प्रयास कर रहे हैं और उन्हें सुंदर एवं प्रभावशाली लेखन की बारीकियां सिखा रहे हैं।विद्यालय के प्रधानाध्यापक रोटरीयन निर्मल त्रिपाठी ने भी इस कार्यक्रम को पूरा सहयोग प्रदान किया है। रोटरी क्लब चाईबासा के अध्यक्ष विकास दोदराजका ने बताया कि रोटरी लिटरेसी मिशन के अंतर्गत इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि शिक्षा का दायरा बढ़े और अधिक से अधिक बच्चों को सीखने, समझने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिल सके।उन्होंने कहा कि भविष्य में भी बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए ऐसे जनहितकारी एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन जारी रखा जाएगा।
Tags
चाईबासा
Comments